निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
यहां की प्रजा ने आपकी जिद्द का फल यहीं देख लिया। उसने देख लिया कि आपकी जिस जिद्द ने इस देश की प्रजा को पीड़ित किया, आपको भी उसने कम पीड़ा न दी, यहाँ तक कि आप स्वयं उसका शिकार हुए। यहां की प्रजा वह प्रजा है, जो अपने दुख और कष्टों की अपेक्षा परिणाम का अधिक ध्यान रखती है। वह जानती है कि संसार में सब चीजों का अंत है। दुख का समय भी एक दिन निकल जावेगा, इसी से सब दुखों को झेलकर, पराधीनता सहकर भी वह जीती है। माई लॉर्ड! इस कृतज्ञता की भूमि की महिमा आपने कुछ न समझी और न यहां की दीन प्रजा की श्रद्धा- भक्ति अपने साथ ले जा सके, इसका बड़ा दुख है।
1. किसने, किसकी जिद्द का फल देख लिया?
2. भारत की प्रजा की क्या विशेषता बताई गई है?
3. किसे, किस बात का दुख है?
1. भारत की प्रजा ने लॉर्ड कर्जन की जिद्द का फल देख लिया। इस प्रजा ने यह देखा कि कर्जन की जिद्द ने उन्हें काफी पीड़ित किया। लॉर्ड कर्जन स्वयं भी उसी पीड़ा के शिकार हुए।
2. लेखक ने भारत की प्रजा की विशेषता बताते हुए कहा है कि यहाँ की प्रजा अपने दुख और कष्टों की अपेक्षा परिणाम का अधिक ध्यान रखती है उसे यह पता है कि संसार की सब चीजों का अंत होता है। वह यह जानकर दुखों को झेल जाती है कि दुख का समय भी एक दिन निकल जाएगा। यहाँ की प्रजा बड़ी धैर्यवान् एवं सहनशील है।
3. भारत की प्रजा को इस बात का दुख है कि लॉर्ड कर्जन ने भारत- भूमि की महिमा को नहीं समझा और न उसने भारत की दीन प्रजा की श्रद्धा- भक्ति को स्वीकार किया। वे चाहते तो प्रजा की इस श्रद्धा- भक्ति को अपने साथ ले जा सकते थे। ऐसा न होने पर भारत की प्रजा को दुख है।