-->

महादेवी वर्मा

Question
CBSEENHN12026550

महादेवी जी इस पाठ में हिरनी सोना, कुत्ता वसंत, बिल्ली गोधूलि आदि के माध्यम से पशु-पक्षी को मानवीय संवेदना से उकेरने वाली लेखिका के रूप में उभरती हैं। उन्होंने अपने घर में और भी कई पशु-पक्षी पाल रखे थे तथा उन पर रेखाचित्र भी लिखे हैं। शिक्षक की सहायता से उन्हें ढूँढकर पढ़ें। जो मेरा परिवार नाम से प्रकाशित है।

Solution

महादेवी वर्मा ने पशु-पक्षियों के बारे में रेखाचित्र लिखे हैं। उनमें से एक हिरण-शावक ‘सोना ‘ पर लिखा रेखाचित्र प्रस्तुत है-

लेखिका को एक दिन अपने परिचित डॉ. धीरेंद्र नाथ बसु की पौत्री सुस्मिता का पत्र मिला। उसने लिखा था कि उसे गत वर्ष अपने पड़ोसी से एक हिरण का बच्चा मिला था। अब वह बड़ा हो गया है। उसे घूमने को अधिक स्थान चाहिए। वह उसे रख पाने में असमर्थ है, परंतु ऐसे व्यक्ति को देना चाहती है जो उसके साथ अच्छा व्यवहार करे। सुस्मिता को विश्वास था कि लेखिका उसकी देखभाल उचित प्रकार से कर सकेगी।

पत्र को पढ़कर लेखिका को ‘सोना’ की याद आती है। ‘सोना’ एक हिरणी थी। उसकी मृत्यु के बाद लेखिका ने हिरण न पालने का निश्चय किया था, परंतु अब उस निश्चय को तोड़े बिना उस कोमल प्राणी की रक्षा संभव न थी।

‘सोना’ भी अपनी शैशवावस्था में इसी भांति लेखिका के संरक्षण में आई थी। उसका छोटा-सा शरीर सुनहरी रेशमी लच्छों की गांठ के समान था। उसका मुँह छोटा-सा तथा आँखें पानीदार थीं। उसके कान लंबे तथा टाँगें पतली तथा सुडौल थीं। सभी उससे बहुत प्रभावित हुए। उसे सोना, सुवर्ण तथा स्वर्णलेखा नाम दिये गये। बाद में उसका नाम ‘सोना’ ही हो गया।

जिन लोगों ने हरे-भरे वनों में छलांग लगाते हुए हिरणो को देखा है वही उनके अद्भुत गतिमान सौंदर्य के बारे में सोच सकते हैं। लेखिका को आश्चर्य है कि शिकारी उस सौंदर्य को क्यों नही देख पाते। वे कैसे इन निरीह प्राणियों को मारकर अपना मनोरंजन करता है? मनुष्य मृत्यु को असुंदर तथा अपवित्र मानता है। फिर वह इन सुंदर प्राणियों के प्राण कैसे ले लेता है? यह बात लेखिका की समझ में नहीं आती।

आकाश में उड़ते तथा वृंदगान करते रंग-बिरंगे पक्षी फूलों की घटाओं जैसे लगते हैं। मनुष्य उन्हें अपनी बदूक का निशाना बनाकर प्रसन्न होता है। मनुष्य पक्षियों का ही नहीं, पशुओं का भी विनाश करता है। हिरण सुंदरता में अद्वितीय है परंतु मनुष्य इसमें सौंदर्य नहीं देख पाता। मानव जो स्वयं जीवन का सर्वश्रेष्ठ रूप है, जीवन के दूसरे रूपों में जीवन के प्रति उदासीन तथा उनकी मृत्यु के प्रति इतना आसक्त क्यों है?

‘सोना’ भी मनुष्य की इसी निष्ठुर मनोरंजनप्रियता के कारण आई थी। वन के शांत वातावरण में मृग समूह विचरण कर रहा था। तभी एक मृगी ने ‘सोना’ को जन्म दिया था। अचानक शिकारियों के आने पर मृग समूह भाग गया, परंतु ‘सोना’ और उसकी माँ न भाग सके। शिकारी मृगी को मारकर ‘सोना’ को भी ले गए। उनके परिवार की किसी दयालु महिला ने उसे पानी मिला दूध पिलाकर दो-चार दिन रखा। फिर मरणासन्न सोना को कोई बालिका लेखिका के पास छोड़ गई।

लेखिका ने उसे स्वीकार कर उसके लिए दूध पिलाने की बोतल, ग्लूकोज तथा बकरी के दूध का प्रबंध किया। उसका मुँह छोटा होने के कारण उसमें निपल नहीं आता था। उसे निपल से दूध पीना भी नहीं आता था, लेकिन धीरे-धीरे उसे सब आ गया। वह भक्तिन को पहचानने लगी। रात को वह लेखिका के पलंग के पास जा बैठती। छात्रावास की लड़कियाँ पहले तो उसे कौतुक से देखतीं, लेकिन फिर वे उसकी मित्र बन गईं।

नाश्ते के बाद सोना कंपाउंड में चौकड़ी भरती, फिर छात्रावास का निरीक्षण-सा करती। वहाँ कोई छात्रा उसके कुमकुम लगाती तो कोई प्रसाद खिलाती। मेस में सब उसे कुछ-न-कुछ खिलाते। इसके बाद वह घास के मैदान मैं लेटती और भोजन के समय लौटकर लेखिका से सटकर चावल-रोटी और कच्ची सब्जियाँ खाती। घंटी बजते ही प्रार्थना के मैदान में पहुँच जाती।

बच्चे उसे ‘सोना, सोना’ कहकर पुकारते। वह उनके ऊपर से छलांग लगाती रहती। यह क्रम घंटों चलता। वह लेखिका के ऊपर से होकर छलांग लगाकर अपना स्नेह प्रदर्शित करती। कभी वह उनके पैरों से अपना शरीर रगड़ती। बैठे रहने पर वह उनकी साड़ी का छोर मुँह में भर लेती या चोटी चबा डालती। डाँटने पर गोल-गोल चकित और जिज्ञासा भरी नजरों से देखती। कालिदास ने अपने नाटकों में मृगी तथा मृग शावकों को जो महत्त्व दिया है, उसका महत्त्व मृग पालकर ही जाना जा सकता है।

कुत्ता स्वामी सेवक का अंतर तथा स्वामी के स्नेह और क्रोध को समझता है। हिरन यह अंतर नहीं जानता। वह पालने वाले के क्रोध से डरता नहीं बल्कि उसकी दृष्टि से दृष्टि मिलाकर खड़ा रहेगा। लेखिका के अन्य पालित जंतुओं में बिल्ली गोधूली कुत्ते हेमंत-वसंत तथा कुतियाँ फ्लोरा ने पहले तो ‘सोना’ को नापसंद किया, परंतु वे शीघ्र ही मित्र बन गए। एक वर्ष बीत जाने पर ‘सोना’ शावक से हिरणी में परिवर्तित होने लगी। अन्य शारीरिक परिवर्तनों के साथ उसकी आँखों में नीलम के बल्बों का सा विद्युतीय स्फुरण आ गया। वह किसी की प्रतीक्षा-सी करती लगती। इसी बीच फ्लोरा ने चार बच्चों को जन्म दिया। एक दिन फ्लोरा के बाहर जाने पर ‘सोना’ उन बच्चों के मध्य लेट गई और वे आँखें मींच कर उसके उदर में दूध खोजने लगे फिर उसका वह नित्यकर्म बन गया। फ्लोरा भी उस पर विश्वास करती थी।

उसी वर्ष ग्रीष्मावकाश में लेखिका बद्रीनाथ की यात्रा पर गईं। वह फ्लोरा को भी साथ ले गईं। छात्रावास बंद था। ग्रीष्मावकाश समाप्त करके दो जुलाई को लेखिका के लौटने पर ‘सोना’ को न पाकर, उन्होंने पूछताछ की तो सेवकों ने बताया कि लेखिका की अनुपस्थिति तथा छात्रावास के सन्नाटे से ऊबकर ‘सोना’ कुछ खोजती-सी कंपाउंड से बाहर चली जाती थी। कोई उसे मार न दे इसलिए माली ने उसे लंबी रस्सी से बाँधना शुरू कर दिया। एक दिन जोर से उछलने पर वह मुँह के बल गिरी तथा स्वर्ग सिधार गई। उसे गंगा में प्रवाहित कर दिया गया। ‘सोना’ की करुण कथा सुनकर लेखिका ने हिरणी न पालने का निश्चय किया था, परंतु संयोग से उन्हें फिर हिरण पालना पड़ रहा है।

Some More Questions From महादेवी वर्मा Chapter

महादेवी वर्मा के जीवन का परिचय देते हुए उनकी रचनाओं के नाम एवं साहित्यिक वैशिष्टय पर प्रकाश डालिए तथा भागा-शैली की विशेषताएँ लिखिए।

निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
सेवक-धर्म में हनुमान जी से स्पर्द्धा करने वाली भक्तिन किसी अंजना की पुत्री न होकर एक अनामधन्या गोपालिका की कन्या है-नाम है लछमिन अर्थात् लक्ष्मी। पर जैसे मेरे नाम की विशालता मेरे लिए दुर्वह है, वैसे ही लक्ष्मी की समृद्धि भक्तिन के कपाल की कुंचित रेखाओं में नहीं बँध सकी। वैसे तो जीवन में प्राय: सभी को अपने-अपने नाम का विरोधाभास लेकर जीना पड़ता है; पर भक्तिन बहुत समझदार है, क्योंकि वह अपना समृद्धि-सूचक नाम किसी को बताती नहीं। केवल जब नौकरी की खोज में आई थी, तब ईमानदारी का परिचय देने के लिए उसने शेष इतिवृत्त के साथ यह भी बता दिया; पर इस प्रार्थना के साथ कि मैं कभी नाम का उपयोग न करूँ। उपनाम रखने की प्रतिभा होती, तो मैं सबसे पहले उसका प्रयोग अपने ऊपर करती, इस तथ्य को वह देहातिन क्या जाने, इसी से जब मैंने कंठी माला देखकर उसका नया नामकरण किया तब वह भक्तिन-जैसे कवित्वहीन नाम को पाकर भी गद्गद हो उठी।

1.    भक्तिन की तुलना किससे की गई है और क्यों?
2.    भक्तिन और लेखिका दोनों के नामों को दुर्वह क्यों कहा गया है?
3.    ‘सभी को अपने-अपने नाम का विरोधाभास लेकर जीना पड़ता है’ वाक्य को एक उदाहरण देकर स्पष्ट कीजिए।
4.    लेखिका ने भक्तिन को समझदार क्यों कहा है?


निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
पिता का उस पर अगाध प्रेम होने के कारण स्वभावत: ईर्ष्यालु और संपत्ति की रक्षा में सतर्क विमाता ने उनके मरणांतक रोग का समाचार तब भेजा, जब वह मृत्यु की सूचना भी बन चुका था। रोने-पीटने के अपशकुन से बचने के लिए सास ने भी उसे कुछ न बताया। बहुत बिन से नैहर नहीं गई, सो जाकर देख आवे, यही कहकर और पहना-उड़ाकर सास ने उसे विदा कर दिया। इस अप्रत्याशित अनुग्रह ने उसके पैरों में जो पंख लगा दिये थे, वे गाँव की सीमा में पहुँचते ही झड़ गये। ‘हाय लछमिन अब आई’ की अस्पष्ट पुनरावृत्तियाँ और स्पष्ट सहानुभूतिपूर्ण दृष्टियाँ उसे घर तक ठेल ले गई। पर वहाँ न पिता का चिन्ह शेष था, न विमाता के व्यवहार में शिष्टाचार का लेश था। दुःख से शिथिल और अपमान से जलती हुई वह उस घर में पानी भी बिना पिये उलटे पैरों ससुराल लौट पड़ी। सास को खरी-खोटी सुनाकर उसने विमाता पर आया हुआ क्रोध शांत किया और पति के ऊपर गहने फेंक-फेंककर उसने पिता के चिर विछोह की मर्मव्यथा व्यक्त की।

1. विमाता ने किस कारण पिता के बारे में सूचना भेजने में विलम्ब किया? सास ने भी क्या सोचकर उसे नहीं बताया?
2. वह किस रूप में कहाँ क्यों गई?
3. भक्तिन ने अपने नैहर जाकर क्या सुना और क्या देखा?
4. विमाता के व्यवहार पर लछमिन ने ससुराल में क्या प्रतिक्रिया प्रकट की?



निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
जीवन के दूसरे परिच्छेद में भी सुख की अपेक्षा दुःख ही अधिक है। जब उसने गेहुएँ रंग और बटिया जैसे मुख वाली पहली कन्या के दो संस्करण और कर डाले तब सास और जिठानियों ने ओठ बिचकाकर उपेक्षा प्रकट की। उचित भी था क्योंकि सास तीन-तीन कमाऊ वीरों की विधात्री बनकर मचिया के ऊपर विराजमान पुरखिन के पद पर अभिषिक्त हो चुकी थी ओर दोनों जिठानियाँ काक-भुशंडी जैसे काले लालों की क्रमबद्ध सृष्टि करके इस पद के लिए उम्मीदवार थीं। छोटी बहू के लीक छोड़कर चलने के कारण उसे दंड मिलना आवश्यक हो गया।

जिठानियाँ बैठकर लोक-चर्चा करतीं और उनके कलूटे लड़के धूल उड़ाते; वह मट्ठा फेरती, कुटती, पीसती, राँधती और उसकी नन्हीं लड़कियाँ गोबर उठातीं, कडे पाथती। जिठानियाँ अपने भात पर सफेद राब रखकर गाढ़ा दूध डालती और अपने लड़कों को औटते हुए दूध पर से मलाई उतारकर खिलाती।। वह काले गुड़ की डली के साथ कठौती में मरा पाती और उसकी लड़कियाँ चने-बाजरे की घुघरी चबातीं।

1. पाठ तथा लेखिका का नाम बताइए।
2. लछमिन के जीवन के दूसरे परिच्छेद में क्या हुआ?
3. जिठानियाँ क्या करती थीं?
4. लछमिन की लड़कियों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता था?




निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
इस दंड-विधान के भीतर कोई ऐसी धारा नहीं थी, जिसके अनुसार खोटे सिक्कों की टकसाल-जैसी पत्नी से पति को विरक्त किया जा सकता। सारी चुगली-चबाई की परिणति, उसके पत्नी-प्रेम को बढ़ाकर ही होती थी। जिठानियाँ बात-बात पर धमाधम पीढी-कटी जातीं; पर उसके पति ने उसे कभी उँगली भी नहीं छुआई। वह बड़े बाप की बड़ी बात वाली बेटी को पहचानता था। इसके अतिरिक्त परिश्रमी, तेजस्विनी और पति के प्रति रोम-रोम से सच्ची पत्नी को वह चाहता भी बहुत रहा होगा, क्योंकि उसके प्रेम के बल पर ही पत्नी ने अलगौझा करके सबको अँगूठा दिखा दिया। काम वही करती थी, इसलिए गाय-भैंस, खेत-खलिहान, अमराई के पेड़ आदि के संबंध में उसी का ज्ञान बहुत बढ़ा-चढ़ा था। उसने छाँट-छाँट कर, ऊपर से असंतोष के साथ और भीतर से पुलकित होते हुए जो कुछ लिया, वह सबसे अच्छा भी रहा, साथ ही परिश्रमी दंपति के निरंतर प्रयास से उसका सोना बन जाना भी स्वाभाविक हो गया।

1. यहाँ दंड विधान की बात क्यों की जा रही है?
2. लछमिन के पति के व्यवहार में अन्य की तुलना में क्या विचित्रता थी?
3. वह किस बात से परिचित था?
4. किस के बल पर लछमिन अपने जीवन के सघंर्ष को जीत पाई?



निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
भक्तिन का दुर्भाग्य भी उससे कम हठी नहीं था, इसी से किशोरी से युवती होते ही बड़ी लड़की भी विधवा हो गई। भइयहू से पार न पा सकने वाले जेठों और काकी को परास्त करने के लिए कटिबद्ध जिठौतों ने आशा की एक किरण देख पाई। विधवा बहिन के गठबंधन के लिए बड़ा जिठौत अपने तीतर लड़ाने वाले साले को बुला लाया, क्योंकि उसका हो जाने पर सब कुछ उन्हीं के अधिकार में रहता। भक्तिन की लड़की भी माँ से कम समझदार नहीं थी, इसी से उसने वर को नापसंद कर दिया। बाहर के बहनोई का आना चचेरे भाइयों के लिए सुविधाजनक नहीं था, अत: यह प्रस्ताव जहाँ-का-तहाँ रह गया। तब वे दोनों माँ-बेटी खूब मन लगाकर अपनी संपत्ति की देख-भाल करने लगीं और मान न मान मैं तेरा मेहमान की कहावत चरितार्थ करने वाले वर के समर्थक उसे किसी-न-किसी प्रकार की पदवी पर अभिषिक्त करने का उपाय सोचने लगे।

1. भक्तिन का दुर्भाग्य क्या था? उसके दुर्भाग्य में किसे, क्या दिखाई दिया?
2. जिठौत ने क्या उपाय ढूँढ निकाला?
3. उस प्रस्ताव का क्या हश्र हुआ?
4. इसका माँ-बेटी तथा वर के समर्थकों पर क्या प्रभाव पड़ा?


निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
एक दिन माँ की अनुपस्थिति में वर महाशय ने बेटी की कोठरी में घुसकर भीतर से द्वार बंद कर लिया और उसके समर्थक गाँव वालों को बुलाने लगे। अहीर युवती ने जब इस डकैत वर की मरम्मत कर कुंडी खोली, तब पंच बेचारे समस्या में पड़ गये। तीतरबाज युवक कहता था, वह निमंत्रण पाकर भीतर गया और युवती उसके मुख पर अपनी पाँचों उँगलियों के उभार में इस निमंत्रण के अक्षर पढ़ने का अनुरोध करती थी। अंत में दुध-का-दूध पानी-का-पानी करने के लिए पंचायत बैठी और सबने सिर हिला-हिलाकर इस समस्या का मूल कारण कलियुग को स्वीकार किया। अपीलहीन फैसला हुआ कि चाहे उन दोनो में एक सच्चा हो चाहे दोनों झुठे; पर जब वे एक कोठरी से निकले, तब उनका पति-पत्नी के रूप में रहना ही कलियुग के दोष का परिमार्जन कर सकता है। अपमानित बालिका ने ओठ काटकर लहू निकाल लिया और माँ ने आग्नेय नेत्रों से गले पड़े दामाद को देखा। संबंध कुछ सुखकर नहीं हुआ, क्योंकि दामाद अब निश्चित होकर तीतर लड़ाता था और बेटी विवश क्रोध से जलती रहती थी। इतने यत्न से सँभाले हुये गाय-डोर, खेती-बारी अब पारिवारिक द्वेष में ऐसे झुलस गए कि लगान अदा करना भी भारी हो गया, सुख से रहने की कौन कहे। अंत में एक बार लगान न पहुँचने पर जमींदार ने भक्तिन को बुलाकर दिन भर कड़ी धूप में खड़ा रखा। यह अपमान तो उसकी कर्मठता में सबसे बड़ा कलंक बन गया, अत: दूसरे ही दिन भक्तिन कमाई के विचार से शहर आ पहुँची।

1. एक दिन बेटी के साथ क्या घटित हुआ?
2. बेटी ने डकैत वर के साथ क्या व्यवहार किया?
3. पंचायत ने किस आधार पर क्या निर्णय दिया?
4. दामाद क्या करता था और बेटी किस स्थिति में रहती थी?
5. घर की आर्थिक स्थिति कैसी हो गई?





निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
शास्त्र का प्रश्न भी भक्तिन अपनी सुविधा के अनुसार सुलझा लेती है। मुझे स्त्रियों का सिर मुटाना अच्छा नहीं लगता, अत: मैंने भक्तिन को रोका। उसने अकुंठितभाव से उत्तर दिया कि शास्त्र में लिखा है। कुतूहलवश मैं पूछ ही बैठी-’क्यालिखा है?’ तुरंत उत्तर मिला-‘तीरथ गए मुँडाए सिद्ध।’ कौन-से शास्त्र का यह रहस्यमय सूत्र है, यह जान लेना मेरे लिए संभव ही नहीं था। अत: मैं हारकर मौन हो रही और भक्तिन का चूड़ाकर्म हर बृहस्पतिवार को एक दरिद्र नापित के गगंगा जल से धुले उस्तरे द्वारा निष्पन्न होता रहा।
पर वह मूर्ख है या विद्या-बुद्धि का महत्त्व नहीं जानती, यह कहना असत्य कहना है। अपने विद्या के अभाव को वह मेरी पढ़ाई-लिखाई पर अभिमान करके भर लेती है। एक बार जब मैंने सब काम करने वालों से अँगूठे के निशान के स्थान में हस्ताक्षर लेने का नियम बनाया तथा भक्तिन बड़े कष्ट में पड़ गई, क्योंकि एक तो उससे पढ़ने की मुसीबत नहीं उठाई जा सकती थी, दूसरे सब गाड़ीवान दाइयों के साथ बैठकर पढ़ना उसकी वयोवृद्धता का अपमान था। अत: उसने कहना आरंभ किया-‘हमारे मलकिन तौ रात-दिन कितबियन मा गड़ी रहती हैं। अब हमहूँ पढ़ै लागब तो घर-गिरिस्ती कउन देखी-सुनी।’

1. पाठ तथा लेखिका का नाम बताइए।
2. भक्तिन हर हफ्ते क्या करवाती थी? क्यों?
3. भक्तिन किस मुसीबत में पड़ गई?
4. भक्तिन ने अपनी पढ़ाई का क्या बहाना निकाला?


निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
पर वह स्वयं कोई सहायता नहीं दे सकती, इसे मानना अपनी हीनता स्वीकार करना है-इसी से वह द्वार पर बैठकर बार-बार कुछ काम बताने का आग्रह करती है। कभी उत्तर-पुस्तकों को बाँधकर, कभी अधूरे चित्र को कोने में रखकर, कभी रंग की प्याली धोकर और कभी चटाई को आँचल से झाड़कर वह जैसी सहायता पहुँचाती है, उससे भक्तिन का अन्य व्यक्तियों से अधिक बुद्धिमान होना प्रमाणित हो जाता है। वह जानती है कि जब दूसरे मेरा हाथ बटाने की कल्पना तक नहीं कर सकते, तब वह सहायता की इच्छा को किर्यात्मक रूप देती है, इसी से मेरी किसी पुस्तक के प्रकाशित होने पर उसके मुख पर प्रसन्नता की आभा वैसी ही उद्भासित हो उठती है, जैसे स्विच दबाने से बल्ब में छिपा आलोक। वह सूने में उसे बार-बार छूकर, औंखों के निकट ले जाकर और सब ओर घुमा-फिराकर मानो अपनी सहायता का अंश खोजती है और उसकी दृष्टि में व्यक्त आत्मघोष कहता है कि उसे निराश नहीं होना पड़ता। यह स्वाभाविक भी हे। किसी चित्र को पूरा करने में व्यस्त, मैं जब बार-बार कहने पर भी भोजन के लिए नहीं उठती, तब वह कभी दही का शर्बत, कभी तुलसी की चाय वहीं देकर भूख का कष्ट नहीं सहने देती।

1. कौन, किससे, क्या आग्रह करती है? क्यों?
2. वह क्या-क्या काम करती थी? इससे क्या प्रमाणित हो जाता है?
3. लेखिका की पुस्तक प्रकाशित होने पर भक्तिन की क्या दशा होती है?
4. भक्तिन लेखिका को किस समय भूख का कष्ट नहीं सहने देती?


निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये:-
भक्तिन और मेरे बीच में सेवक स्वामी का संबंध है, यह काफी कठिन है, क्योंकि ऐसा कोई स्वामी नहीं हो सकता, जो अच्छा होने पर भी सेवक की अपनी सेवा से हटा न सके और ऐसा कोई सेवक भी नहीं सुना गया, जो स्वामी के चले जाने का आदेश पाकर अवज्ञा से हंस दे। भक्तिन को नौकर कहना उतना ही असंगत है, जितना अपने घर में बारी-बारी से आने-जाने वाले अंधेरे-उजाले और आंगन में फूलने वाले गुलाब और आम को सेवक मानना।

1. क्या कहना कठिन है?
2. भक्तिन और लेखिका के परस्पर संबंध को स्पष्ट कीजिए।
3. लेखिका द्वारा नौकरी से हटकर चले जाने का आदेश पाकर भक्तिन की क्या प्रतिक्रिया होती थी?
4. भक्तिन को नौकर कहना कितना असंगत है?