भारत और वेस्ट इंडीज़ में ही क्रिकेट क्यों इतना लोकप्रिय हुआ? क्या आप बता सकते हैं की यह खेल दक्षिणी अमेरिका में इतना लोकप्रिय क्यों नहीं हुआ?
क्रिकेट एक औपनिवेशिक खेल है जिसकी शुरुआत इंग्लैंड में हुई थी। इस खेल को ब्रिटिश उपनिवेशों में ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा एक तफरीह वाले खेल के रूप में लाया गया। स्वाभाविक रूप से प्रत्येक उपनिवेश में ऐसा वर्ग था जो औपनिवेशिक मालिकों के रहन- सेहन की नकल करने में विश्वास करता था। भारत भी इससे अछूता नहीं था। भारत तथा वेस्टइंडीज जैसे उपनिवेशों में क्रिकेट खेलना धीरे-धीरे उच्च सामाजिक हैसियत का प्रतीक बन गया। यही कारण है कि यहाँ यह खेल लोकप्रिय हुआ।
परन्तु दक्षिण अमेरिका के बारे में यह बात कहना उचित नहीं हैं। वहाँ औपनिवेशिक सत्ता फ्रांस, स्पेन तथा पुर्तगाल जैसी यूरोपीय देशों के हाथों में थी। इन देशों में क्रिकेट एक लोकप्रिय खेल नहीं था। स्वभाविक रुप से यहाँ की जनता के वे आदर्श थे जो इनके मालिकों के दैनिक जीवन का हिस्सा थे। अत: यहाँ क्रिकेट लोकप्रिय नहीं हुआ।



